स्पेशल विंटर गेम्स के पदकवीरों को सम्मानित करते हुए भावुक हुईं मैरी कॉम

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। लंदन ओलम्पिक-2012 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली दिग्गज महिला मुक्केबाज मैरी कॉम सोमवार को स्पेशल ओलम्पिक वर्ल्ड विंटर गेम्स-2017 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए भावुक हो गईं।

इन खेलों का आयोजन 14 मार्च से 25 मार्च के बीच आस्ट्रिया में हुआ, जिसमें भारत ने 37 स्वर्ण पदक सहित कुल 73 पदक जीते।

इन खेलों में दुनियाभर के 2,700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें भारत ने 37 स्वर्ण, 10 रजत और 26 कांस्य पदक हासिल किए और पदक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा। पदक जीतने के बाद भारत लौटे खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित समारोह के दौरान मैरी कॉम पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए रो पड़ीं।

उन्होंने कहा, “आप सभी को बधाई देना चाहती हूं। हमें आप सभी पर गर्व है। आप सभी मेरे सफर के बारे में जानते हैं। आप सभी ने मेरी फिल्म भी देखी होगी। यह शुरुआत से काफी मुश्किल था, लेकिन मैं लड़ी और खुद को साबित किया। आपने भी यही किया और देश को आप पर गर्व है।”

उन्होंने कहा, “आप सम्मानित हो रहे हैं, यह सिर्फ शुरुआत है। भविष्य में आपको पूरा देश जानेगा। आप ऐसा भविष्य में भी कर सकते हैं। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। आप लड़ते रहिए।”

उन्होंने कहा, “आपको भी एक दिन पहचान मिलेगी, जैसे मुझे मिली। एक लड़की होने के नाते मुक्केबाजी करना काफी मुश्किल था। लेकिन आज मैं जहां हूं वह अपनी इच्छा शक्ति से हूं। अगर आपके पास वो है तो आप भी अपना नाम रोशन करेंगे।”

इस बीच मैरी कॉम का गला भर आया और आंखों में आंसू छलक आए। कुछ देर रुकते हुए उन्होंने फिर अपनी बात शुरू की और कहा, “हम विशेष नहीं हैं, आप हैं। हमारे पास सबकुछ है। भगवान ने हमें सब दिया है। आपने जिस तरह से खेला है उस पर हमें गर्व है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493