खेल दिग्गजों पर बनती रहेंगी बायोपिक : राहुल बोस

मुंबई, 28 मार्च (आईएएनएस)। माउंट एवरेस्ट पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की लड़की पर आधारित फिल्म ‘पूर्णा’ के निर्देशक राहुल बोस का कहना है कि बायोपिक और विशेषकर खेल दिग्गजों के जीवन को दर्शाने वाली बायोपिक बनती रहेंगी।

अभिनेता राहुल यहां रविवार को ‘पूर्णा’ की विशेष स्क्रीनिंग पर मौजूद थे।

राहुल ने कहा, “बायोपिक बनती रहेंगी और खासकर खेल दिग्गजों पर। इसके अलावा, अमेरिका में लोगों ने अब्राहम लिंकन, जॉन एफ.केनेडी तथा अन्य कई लोगों पर बायोपिक बनाई हैं, लेकिन खेल दिग्गजों पर और भी बायोपिक बनती रहेंगी।”

अभिनेता ने कहा, “एक स्तर के बाद छोटी कहानियों को भी पहचान मिलने लगती है और यह सबसे चुनौतीपूर्ण होता है। बायोपिक के जरिए जो लोग मालावथ पूर्णा को नहीं जानते हैं, वह भी अब जानेंगे।”

एक आदिवासी किशोरी पूर्णा 2014 में माउंट एवरेस्ट पर पहुंची थी। लोगों को यह फिल्म बेहद अलग रही है।

इस बारे में राहुल ने कहा, “यह अलग नहीं है। यह एक किशोरी पर बनी बायोपिक है, जिसने माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की। यह फिल्म सभी के दिलों को एक अनोखे अहसास से भर देगी। हां, इस फिल्म में कोई सुपरस्टार नहीं है।”

राहुल इस बात से बेहद खुश हैं कि उनके निर्देशन में बनी फिल्म की काफी सराहना की गई है।

अभिनेता ने कहा, “जोया अख्तर, विद्या बालन, शबाना आजमी, विपुल शाह, आनंद गांधी, विशाल भारद्वाज, विराट कोहली, अनिल कुंबले सहित कई लोगों ने ‘पूर्णा’ के लिए मेरी तारीफ की है। मुझे लगता है कि शबाना की प्रतिक्रिया सबसे अच्छी थी। उन्होंने कहा कि वह इसे एक बार फिर देखना चाहेंगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493