हैदराबाद, 28 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद में एक फिल्म कलाकार को धोखा देने के मामले में दो नाइजीरियाई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक महिला है।
हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, आरोपी को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जहां वे रुके हुए थे। यहां से उन्हें हैदराबाद ले जाया गया। इनकी पहचान नोबर्थ चुकवुइडो (36) और अनीममुकन किम (31) के रूप में हुई है।
पुलिस ने फिल्म कलाकार की पहचान उजागर नहीं की। फिल्म कलाकार ने जनवरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक के जरिए संपर्क में आई एक महिला ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।
फिल्म कलाकार ने महिला से वाट्सएप के जरिए फिल्म के बारे में बातचीत करनी शुरू की थी। महिला ने अपना नाम फेलिसिया इसाक बताया था।
महिला ने उसे पैसे देने की पेशकश की और उसे लंदन आने के लिए कहा। जब कलाकार ने कहा कि यह संभव नहीं है और उससे भारत आने के लिए आग्रह किया तो वह तैयार हो गई।
महिला ने उसे अपने पासपोर्ट और टिकट की प्रतियां भेजीं।
महिला ने 20 जनवरी को यह सूचित किया कि वह दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंच गई है और सीमाशुल्क अधिकारियों ने अतिरिक्त सामान के लिए उस पर 25,500 रुपये का जुर्माना लगाया है। महिला के आग्रह पर कलाकार ने उसके एक बैंक खाते में यह राशि हस्तांतरित कर दी।
कुछ घंटे बाद महिला ने फिर से उससे संपर्क किया और कहा कि अधिकारी 50,000 रुपये का कस्टम टैक्स मांग रहे हैं।
कलाकार ने फिर से किम के बैंक खाते में राशि स्थानांतरित कर दी। महिला ने बाद में सूचना दी कि सभी उड़ानें भर गई हैं और वह अगले दिन हैदराबाद आएगी।
अगले दिन फिल्म कलाकार को लिखिता नाम की महिला तरफ से एक फोन आया जिसने अपने को कस्टम अधिकारी बताया और कहा कि फेलिसिया के पास से ब्रिटिश मुद्रा मिली है और उसे रिहा करने के लिए 1.20 लाख रुपये का भुगतान करना होगा।
कलाकार को तब अहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है और उसने पुलिस से संपर्क किया।
dharmpath.com dharmpath