नर्स भर्ती घोटाले का आरोपी केरल में गिरफ्तार

कोच्चि, 29 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने केरल में दो साल पहले सामने आए 200 करोड़ रुपये के नर्स भर्ती घोटाले के प्रमुख अभियुक्त एम. वर्गीज उथुप को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

उथुप को मध्य पूर्व से आई एक उड़ान से उतरने के बाद गिरफ्तार किया गया। उथुप ने मीडिया से कहा कि सही समय आने पर वह सभी बातों का खुलासा करेगा।

उथुप गिरफ्तारी से बचने के लिए कुवैत और मध्य पूर्व के अन्य देशों में छिपता रहा था। केरल उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा उसकी अग्रिम जमानत याचिका नामंजूर कर दिए जाने के बाद उसके पास समर्पण के सिवा कोई विकल्प नहीं बचा था।

उथुप पर धोखाधड़ी, एक सरकारी कर्मचारी के साथ मिलकर अपराधिक षड्यंत्र रचने और प्रवासियों से अतिरिक्त सेवा शुल्क वसूलने के मामले दर्ज हैं।

उथुप की केरल स्थित कंपनी पर कथित तौर पर नर्सो को कुवैत में रोजगार दिलाने के एवज में उनसे 19.5 लाख रुपये वसूलने का आरोप है, जबकि इसके लिए सेवा कर केवल 19,500 रुपये है।

रपटों के अनुसार, कंपनी ने 2014-15 के दौरान करीब 1,000 नर्सो की नियुक्त कराई थी।

कोट्टयम के रहने वाले उथुप के लिए मुसीबत तब शुरू हुई, जब 2015 में उसकी प्लेसमेंट एजेंसी पर आयकर विभाग का छापा पड़ा और वहां से बेहिसाबी रकम बरामद हुई।

एक नर्स द्वारा उथुप पर आरोप लगाने के बाद सीबीआई ने मामले में कार्रवाई शुरू की। नर्स का कहना था कि उसने उथुप की कंपनी को फीस दे दी थी, लेकिन बाद में नौकरी न करने का फैसला करने पर उसे फीस की रकम वापस नहीं की गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493