दोस्ताना मुकाबले में स्पेन की जीत में वीडियो रिप्ले की अहम भूमिका

पेरिस, 29 मार्च (आईएएनएस)। स्पेन ने मंगलवार देर रात खेले गए एक दोस्ताना मुकाबले में फ्रांस को उसी की घरेलू जमीन पर हरा दिया।

इस मैच में वीडियो रिप्ले की भूमिका अहम रही जिसके कारण मेजबान फ्रांस का एक गोल अमान्य हो गया और मेहमानों के एक गोल को सही ठहराया गया।

समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, स्टेड द फ्रांस स्टेडियम में खेले गए इस मैच में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से मात दी।

स्पेन ने मुकाबले के पहले हाफ में फ्रांस पर दबदबा बनाए रखा लेकिन कोई बड़ा खतरा विपक्षी टीम के लिए पैदा नहीं किया।

इसके बाद दूसरे हाफ के शुरुआती मिनटों में ही एंटोनी ग्रीजमैन ने हेडर से गोल दागा और फ्रांस के स्टेडियम में बैठे 80,000 दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लेकिन, यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।

ग्रीजमैन के गोल को वीडियो रिप्ले में देखा गया और रेफरी ने इसे ऑफ साइड करार देकर खारिज कर दिया।

स्पेन ने राहत की सांस लेते हुए अपने खेल में तेजी की और दो गोल दागे। टीम के लिए ये दो गोल 68वें मिनट में पेनाल्टी पर डिएगो सिल्वा और 77वें मिनट में जेरार्ड डियूलोफू ने दागे। डियूलोफू के गोल को लाइनमैन आफ साइड करार देकर खारिज करने जा रहे थे लेकिन रिप्ले ने साफ किया कि स्पेनिश खिलाड़ी आफ साइड नहीं थे। इसके बाद गोल को बरकरार रखा गया।

स्पेन ने बाकी बचे समय में अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए फ्रांस को गोल दागने का मौका नहीं दिया और अंत में 2-0 से जीत हासिल की।

स्पेन के खिलाफ पिछले सात मुकाबलों में फ्रांस को केवल एक बार जीत हासिल हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493