पणजी, 30 मार्च (आईएएनएस)। गोवा में विपक्ष के नेता चंद्रकांत कवलेकर ने गुरुवार को कहा कि भाजपा की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार राज्य में अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 16 विधायक एकजुट हैं और वे प्रभावी विपक्ष के तौर पर कार्य करेंगे।
कांग्रेस की राज्य कार्यकारिणी की पणजी में एक बैठक के बाद कवलेकर ने संवाददाताओं से कहा, “यह सरकार पूरे कार्यकाल तक सत्ता में नहीं रहेगी। यह मौजूदा सरकार धोखेबाजी से बनाई गई है और यह अंत तक नहीं रहेगी।”
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस के ज्यादातर विधायकों के वालपोई के विधायक विश्वजीत राणे की तर्ज पर पार्टी छोड़ने की संभावना है, कवलेकर ने कहा, “हमारे 16 विधायकों में से कोई पार्टी नहीं छोड़ेगा। सभी एकजुट हैं।”
वालपोई के विधायक राणे ने इस माह के शुरुआत में इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस ने राज्य में 4 फरवरी को हुए विधानसभा चुनावों में 17 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस राज्य में सबसे बड़ी पार्टी तौर पर उभरी थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 13 सीटों पर विजयी रही।
भाजपा निर्दलीय विधायकों और क्षेत्रीय पार्टियों के समर्थन से गठबंधन सरकार बनाने में कामयाब रही। कांग्रेस ने भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त करने और गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा पर पक्षपात करने का आरोप लगाया था।
dharmpath.com dharmpath