नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। डकार रैली-2017 में अपने अच्छे पदार्पण के बाद हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली इस साल अप्रैल में होने वाली इंडिया बाजा-2017 की तैयारी कर रही है।
यह भारतीय जमीन पर टीम की दूसरी रैली होगी। इससे पहले राजस्थान में फरवरी में आयोजित हुई मारुति सुजुकी डेजर्ट स्टोर्म प्रतियोगिता में टीम शीर्ष तीन टीमों में शमिल रही थी।
इंडिया बाजा-2017 के लिए हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली का लक्ष्य एक बार फिर एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन करना है।
इस टूर्नामेंट के लिए हीरो मोटोस्पोर्ट्स टीम रैली में पुर्तगाल के दिग्गज चालक जोआक्विम रोड्रिगुएस भी शामिल हैं। वह भारतीय जमीन पर आयोजित प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लेंगे।
चालक सी.एस. संतोष को ठीक होने के लिए अधिक समय दिया गया है। हाल ही में आयोजित हुई मारुति सुजुकी डेजर्ट स्टोर्म प्रतियोगिता में एक दुर्घटना के दौरान संतोष की रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई थी। उनकी हाल में हो रहे सुधार को देखकर उनकी टीम बेहद खुश है।
इंडिया बाजा-2017 टूर्नामेंट का आयोजन सात से नौ अप्रैल तक राजस्थान के थार रेगिस्तान में होगा। यह टूर्नामेंट डकार चैलेंज का हिस्सा है। इसका साफ मतलब यह है कि इस टूर्नामेंट के विजेता को मई में मोरक्को में होने वाली मेरजुउगा रैली में सीधा प्रवेश मिलेगा। इसके साथ ही विजेता को डकार रैली-2018 में भी हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।
जोआक्विम ने गुरुवार को कहा, “मैं इंडिया बाजा-2017 तथा मेरजुउगा रैली के लिए अपने नए सत्र की शुरुआत और हीरो मोटरस्पोर्ट्स टीम रैली के साथ काम करने के लिए बेहद उत्साहित हूं।”
संतोष ने कहा, “मैं अब भी अपनी चोट से उबर रहा हूं। मेरे स्वास्थ्य में अच्छा सुधार हो राह है और मैं मेरजुउगा रैली के लिए पूरी तरह से फिट होने की कोशिश कर रहा हूं।”
dharmpath.com dharmpath