एचडब्ल्यूएल राउंड-2 के लिए तैयार भारतीय महिला हॉकी टीम : कोच

वेस्ट वेंकुवर (कनाडा), 30 मार्च (आईएएनएस)। भारत की राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शुअर्ड मरेन ने कहा है कि उनकी टीम एक अप्रैल को महिला विश्व हॉकी लीग (एचडब्ल्यूएल) राउंड-2 में उरुग्वे के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले की तैयारी कर रही है।

इस तैयारी से उनकी टीम यहां के वातावरण के अनुकूल ढलने का प्रयास कर रही है।

महिला टीम 14 जनवरी से ही भोपाल में प्रशिक्षण ले रही थी और वहां की परिस्थिति बिल्कुल अलग थी, वहीं वेस्ट वेंकुवर में तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आस-पास है और पिछले कुछ सप्ताहों से हल्की बारिश भी हो रही है।

कोच मरेन के अनुसार, भारतीय महिला टीम ने वेस्ट वेंकुवर के वातावरण को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी की है।

हॉकी इंडिया (एचआई) द्वारा गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में दिए बयान में मरेन ने कहा, “हमारे पास इस परिस्थिति में ढलने के लिए 10 दिनों का समय था। भोपाल और वेस्ट वेंकुवर के मौसम में 27 डिग्री सेल्सियस का अंतर था। हालांकि, टीम अब इस परिस्थिति में ढल रही हैं और टूर्नामेंट की शुरुआत के लिए तैयार हैं।”

एफआईएच विश्व कप क्वालीफायर-2018 में प्रवेश के लिए एचडब्ल्यूएल राउंड-2 टूर्नामेंट के महत्व को ध्यान में रखते हुए इससे पहले भारत ने कनाडा और चिली के खिलाफ इस सप्ताह अभ्यास मैच भी खेले थे।

मरेन ने कहा, “टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले कुछ मैच खेलना हमेशा अच्छा रहता है। यह छोटा टूर्नामेंट है और इसलिए हर मैच जरूरी है। मुझे टीम पर बहुत भरोसा है और हम विजयी शुरुआत के लिए तैयार हैं।”

उरुग्वे टीम के बारे में मरेन ने कहा, “यह टीम जुनून के साथ अपने मैच खेलती है। हमने दो बार टीम को खेलते देखा है और इसलिए हमें इसके बारे में थोड़ी सी जानकारी है।”

मरेन ने कहा, “यह टीम दक्षिण अमेरिकी अंदाज में खेलती है, जैसे अर्जेटीना खेलती है। इसलिए, इनके खेल में वो जुनून नजर आता है। हमें भी अपने खेल पर ध्यान देना है।”

भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल ने कहा, “मेरा मानना है कि बेलारूस पर मिली जीत के तहत हमने इस साल की शुरुआत अच्छी की है। चिली और कनाडा के खिलाफ खेले गए मुकाबलों के परिणाम भले ही हमारे पक्ष में न रहे हों, लेकिन इससे हमें इस परिस्थिति के साथ ढलने में बेहद मदद मिली है।”

भारतीय टीम का चिली के खिलाफ मुकाबला 2-2 से ड्रॉ हुआ था, वहीं कनाडा से उसे 3-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493