शीर्ष तीन रैंकिंग में आना लक्ष्य : सुनील

बेंगलुरु, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी एस.वी.सुनील ने अपनी टीम से प्रतिदिन सुधार करने की गुजारिश करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय टीम को शीर्ष तीन रैंकिंग में देखना है।

भारतीय टीम के लिए साल 2017 और 2018 काफी अहम हैं, क्योंकि इस दौरान एशिया कप और हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) जैसे दो बड़े टूर्नामेंट आने वाले हैं। इनके अलावा एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी और अगले साल विश्व कप जैसे आयोजन भी हैं।

सुनील ने हॉकी इंडिया (एचआई) द्वारा जारी किए गए बयान में कहा है, “हम इस समय रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं। चार साल पहले हम 12वें या 13वें पर थे। वहां से यहां आना अच्छा सुधार है।”

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि अगर हम इसी तरह से प्रदर्शन करते रहे और सुल्तान अजलन शाह कप में जहां आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड जैसी टीमें हैं, वहां भी अच्छा खेले तो हमारे पास अपनी रैंकिंग सुधारने का अच्छा मौका है। निश्चित तौर पर हमारा लक्ष्य शीर्ष तीन में पहुंचने का है।”

सुनील राष्ट्रीय टीम में अक्षदीप सिंह, रमनदीप सिंह, तलविंदर सिंह, निक्किन थमैया, मनदीप सिंह, गुरजंत सिंह, अफ्फान युसूफ, ललित उपाध्याय के साथ भारत के आक्रमण की जिम्मेदारी संभालते हैं।

सुनील ने कहा, “अभी टीम में कुल नौ खिलाड़ी हैं जो फॉरवर्ड खेलते हैं। जूनियर टीम के कुछ युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। पिछले साल यूसुफ ने अच्छा प्रदर्शन किया था और एचआईएल में भी अच्छा खेले थे।”

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि हमारे बीच अपनी जगह को लेकर अच्छी प्रतिस्पर्धा है। इसलिए अपनी जगह पक्की करने के लिए हम हर टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493