नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में अप्रैल की शुरुआत से ही मौसम के तेवर तीखे हैं। दोपहर में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। कई स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
दिल्ली में भी रविवार सुबह मौसम बेहद गर्म रही। सुबह से ही तेज धूप रही। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 40 के करीब पहुंच गया था। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 39.4 डिग्री दर्ज किया गया था।
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
देश के उत्तरी, पश्चिमी व मध्य हिस्से में शनिवार को कई स्थानों पर पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया और लू का असर भी रहा।
राजस्थान के चुरु में शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 40.3 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 41.2 डिग्री सेल्सियस, अहमदाबाद में 40.1 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 41.4 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भारत मौसम विभाग ने रविवार को भी मौसम तल्ख ही रहने के आसार जताए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कई स्थानों पर तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
dharmpath.com dharmpath