स्मृति ईरानी की कार का पीछा करने वाले 4 छात्रों को जमानत

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की कार का पीछा करने और उसे ओवरटेक करने के आरोप में शनिवार शाम गिरफ्तार किए गए दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के चार छात्रों को यहां रविवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त आर.पी. मीणा ने आईएएनएस को बताया कि डीयू के चार छात्रों- आनंद शर्मा, अविनाश, शीतांशु और कुणाल को रविवार सुबह पुलिस हिरासत से रिहा कर दिया गया।

उन्होंने बताया, “इन छात्रों को गिरफ्तारी के बाद चाणक्यपुरी थाने ले जाया गया था। उनसे विस्तार से पूछताछ की गई और जमानत बॉण्ड भरने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।”

पुलिस ने बताया कि तीन छात्र उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और एक राजस्थान का है। इनमें से एक उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का, दूसरा कन्नौज का व तीसरा शाहजहांपुर का और चौथा राजस्थान के दौसा का रहने वाला है।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये छात्र डीयू के साउथ कैम्पस के एक कॉलेज से बैचलर ऑफ साइंस का कोर्स कर रहे हैं। इन छात्रों की उम्र 20 साल के आसपास है। इन्हें शनिवार शाम भारतीय दंड संहिता के तहत एक महिला का पीछा करने, उसका शील भंग करने का इरादा रखने और ओछी आसक्ति के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

स्मृति ईरानी के सुरक्षाकर्मी ने शनिवार शाम लगभग पांच बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) से शिकायत की थी कि चार छात्र केंद्रीय मंत्री की पायलट कार का पीछा कर रहे हैं और चाणक्यपुरी में शांतिपथ पर उनकी कार को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे हैं।

छात्रों की सैंट्रो कार ने मंत्री की कार को बार-बार ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान मंत्री के सुरक्षाकर्मी ने फ्रांसीसी दूतावास के पास छात्रों की कार को रोक दिया।

छात्रों को पीसीआर वैन में तैनात पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया गया। बाद में स्थानीय पुलिस पूछताछ के लिए छात्रों को थाने ले गई। सामान्य जांच में पता चला कि ये छात्र शराब के नशे में थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493