त्रिपुरा सरकार को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहा केंद्र : माकपा

अगरतला, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने आरोप लगाया है कि भाजपा के केंद्रीय मंत्री त्रिपुरा में माकपा की अगुवाई वाली वाम मोर्चा सरकार को राज्य की सत्ता से बेदखल करने के प्रयास में गलत बातें फैला रहे हैं।

माकपा नेता बिजान धर ने रविवार शाम को कहा, “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय मंत्री लगभग हर सप्ताह त्रिपुरा का दौरा कर रहे हैं और वाम मोर्चा सरकार के बारे में मनगढ़ंत ‘तथ्य’ पेश कर रहे हैं।”

धर ने मीडिया से कहा, “केंद्रीय मंत्री वाम मोर्चा सरकार को उखाड़ने की कोशिश में उसे बदनाम कर रहे हैं।”

धर ने साथ ही कहा कि ‘आर्थिक गतिरोध पैदा करने की कोशिश की जा रही है।’

धर ने कहा कि पार्टी की प्रदेश समिति ने शनिवार और रविवार को केंद्र सरकार के अलोकतांत्रिक कदमों के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला किया।

माकपा के राज्य सचिव ने कहा, “उत्तर प्रदेश में जीत के बाद से कुछ नेता त्रिपुरा के वाम दलों को उखाड़ने का सपना देख रहे हैं लेकिन यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।”

उन्होंने कहा, “माकपा मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के तहत 200 रोजगार दिवसों की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार योजना में रोड़े अटकाने की कोशिश कर रही है।”

धर ने भाजपा पर अन्य राजनीतिक दलों को तोड़ने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया।

भाजपा के राज्य अध्यक्ष बिप्लव कुमार देव ने इन आरोपों के जवाब में सोमवार को कहा, “वाम मोर्चा त्रिपुरा में अवैध तरीकों से कैसे अपनी सरकार चला रही है, यह सर्वोच्च न्यायालय के फैसले से स्पष्ट है, जिसने 10,323 शिक्षकों की नौकरियां रद्द कर दी हैं।”

भाजपा नेता ने कहा कि राधामोहन सिंह और जे.पी. नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने कई सेक्टरों में राज्य सरकार की नाकामी और केंद्र से मिले धन के गलत इस्तेमाल को उजागर किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493