नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। एक मोटरसाइकिल सवार के दूसरे मोटरसाइकिल से टकराने के कारण एक युवक की मौत हो गई है। सोमवार को पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह युवक अपनी मोटरसाइकिल के साथ स्टंट कर रहा था।
यह दुर्घटना रविवार को कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया के पास हुई है।
20 वर्षीय रमन को दुर्घटना के तुरंत बाद रॉकलैंड अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
दक्षिणी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिस्वाल ने आईएएनएस को बताया कि रमन मोटरसाइकिल सवारों एक समूह का हिस्सा था, जो स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान रमन की बजाज डोमिनार, एक ह्योसंग मोटरसाइकिल से टकरा गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने कहा कि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवारी कर रहे चार्ल्स ब्रायन और प्रदीप नायर को भी गहरी चोटें आई हैं।
उन्होंने कहा कि मृतक रमन ड्राफ्टसमैन(नक्शानवीस) का कोर्स कर रहा था और पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में रहता था।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि 22 वर्षीय चार्ल्स ब्रायन गुरुग्राम में मानव संसाधन प्रबंधक के पद पर है, जबकि प्रदीप नायर दक्षिणपुरी में काम करता है।
dharmpath.com dharmpath