पटना, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और विक्रमगंज के पूर्व विधायक डॉ़ सूर्यदेव सिंह को आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में सोमवार को पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया।
सूर्यदेव सिंह ने रविवार को जमीनी विवाद में गोली चला दी थी। इस घटना में एक बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य बच्चे घायल हो गए थे।
जद (यू) प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के निर्देश पर रोहतास जिले के विक्रमगंज से पूर्व विधायक डा़ॅ सिंह को आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
पूर्व विधायक सूर्यदेव सिंह की गोली से घायल चारों बच्चों को विक्रमगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रविवार को ही पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया था।
dharmpath.com dharmpath