श्रीनगर, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में सोमवार को जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर सुरक्षा बलों के एक दल पर आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में सीआरपीएफ के छह जवान और एक लड़की घायल हो गए।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमले में जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग के सिम्पोरा पंथाचौक इलाके में सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के छह जवान और एक लड़की घायल हो गए।”
अधिकारी ने कहा, “अतिरिक्त सैन्य बल तलाशी के लिए इलाके में पहुंच गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। आगे के विवरण की प्रतीक्षा है।”
हमले की यह घटना श्रीनगर जिले से करीब पांच किमी दूरी पर हुई है।
इससे पहले रविवार शाम श्रीनगर के नौहट्टा इलाके में आतंकियों द्वारा किए गए एक ग्रेनेड हमले में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई थी और 11 अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। घायलों में आठ पुलिस कर्मी और तीन सीआरपीएफ के जवान शामिल थे।
इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिद्दीन ने ली थी।
dharmpath.com dharmpath