प्रख्यात शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया शोक (लीड-1)

मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रख्यात शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर नहीं रहीं। उनका सोमवार देर रात निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गायिका लता मंगेशकर, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित विभिन्न हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

पारिवारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि अमोनकर (84) ने दादर पश्चिम स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

करीब सात दशक के गायन करियर में उन्हें ‘गान-सरस्वती’ का दर्जा दिया गया। जयपुर घराने से ताल्लुक रखने वालीं अमोनकर को पद्म विभूषण और साहित्य अकादमी अवॉर्ड सहित कई सम्मानों से नवाजा गया।

अमोनकर के घर में उनके दो बेटे व पोते-पोतियां हैं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका है।

अमोनकर के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “उनका जाना भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति है। वह अपने काम के जरिये आने वाले वर्षो में भी लोगों के बीच लोकप्रिय बनी रहेंगी।”

भारत रत्न व दिग्गज गायिका लता मंगेशकर ने अमोनकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “वह बेहतरीन शास्त्रीय गायिका थीं। उनके निधन से संगीत क्षेत्र को भारी क्षति हुई है।”

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी अमोनकर के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, “उनके निधन से देश ने जयपुर घराने की प्रमुख हस्ती को खो दिया है। किशोरी (अमोनकर) जी ख्याल, ठुमरी और भजन प्रस्तुति की अपनी बड़ी फेहरिस्त के जरिये हमारे बीच हमेशा मौजूद रहेंगी।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमोनकर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, “वह संगीत के साथ लगातार प्रयोग करने के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने अपने शास्त्रीय गीतों से लेकर भजनों व गायन की अन्य विधाओं में भी इसकी संवेदनशीलता को बरकरार रखा।”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गायिका के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “यह भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।”

शबाना आजमी, श्रेया घोषाल, हेमा मालिनी, मधुर भंडारकर और कैलाश खेर जैसी बॉलीवुड हस्तियों ने भी अमोनकर के निधन पर दुख जताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493