तटरक्षकों ने श्रीलंका के जहाज में लगी आग बुझाने में मदद की

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय तटरक्षक पोत (आईसीजीएस) शूर ने श्रीलंका तट के पास पनामा जा रहे एमएससी डेनिएला जहाज में लगी आग पर काबू पाने में सहायता की।

तटरक्षक के अनुसार, कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग से मंगलवार रात करीब 20.30 बजे बताया गया कि श्रीलंका की नौसेना ने एमवी एमएससी डेनिएला में लगी आग को बुझाने में मदद का अनुरोध किया है।

इस व्यापारिक जहाज में सुबह करीब 11 बजे कोलंबो से 120 समुद्री मील (करीब 216 किमी) की दूरी पर आग की सूचना मिली।

बयान में कहा गया, “आईसीजीएस शूर को तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए रवाना किया गया। शूर ने संकटग्रस्त जहाज के कप्तान के साथ लगातार संचार कायम रखा।”

आईसीजीएस शूर घटनास्थल पर रात करीब 11 बजे पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया।

भारतीय तटरक्षक अधिकारियों ने कहा, “संकटग्रस्त जहाज खुद आग बुझाने में असफल रहा और पास के तट की तरफ बढ़ गया। जहाज ने कोलंबो से 11 समुद्री मील पर लंगर डाला था जहां पर शूर ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया।”

इसमें कहा गया, “जहाज में खतरनाक माल ले जाया जा रहा था और इसलिए जहाज और चालक दल की सुरक्षा के लिए आग बुझाने में सभी तरह की सावधानी बरती जा रही थी।”

बयान में कहा गया कि एमएससी डेनिएला का 25 सदस्यीय चालक दल सुरक्षित है।

भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस घड़ियाल और आईएनएस दर्शक भी मंगलवार रात को इस अभियान में शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493