नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। वैश्विक सेवा प्रदाता कंपनी ‘क्वात्रो’ के संस्थापक रमन रॉय को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की देश के अग्रणी उद्योग मंडल नैसकॉम का चेयरमैन नियुक्त किया गया।
उनके अलावा विप्रो के बोर्ड मेंबर रिशद प्रेमजी को वित्त वर्ष 2017-18 के लिए उद्योग मंडल का वाइस चैयरमैन नियुक्त किया गया है।
नैसकॉम ने बुधवार को एक बयान जारी कर इसकी घोषणा की।
नैसकॉम ने अपने बयान में कहा है, “सी. पी. गुरनानी का कार्यकाल खत्म होने के बाद छह अप्रैल को रॉय नैसकॉम चेयरमैन का पद संभालेंगे, जबकि प्रेमजी, रॉय के चेयरमैन बनने के बाद रिक्त हुआ वाइस चैयरमैन का पद संभालेंगे।”
निर्वतमान चेयरमैन गुरनानी देश की अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी महिंद्र टेक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, जबकि देश के आईटी टाइकून अजीम प्रेमजी के सबसे बड़े बेटे राशिद विप्रो के चीफ स्ट्रैटजी ऑफिसर हैं।
वक्तव्य में रॉय के हवाले से कहा गया है, “ऐसे समय में जब आईटी क्षेत्र परिपक्वता के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है और विस्तार की अगली सीढ़ी की तरफ बढ़ रहा है, मुझे दिया गया यह अवसर सम्मान की बात है।”
dharmpath.com dharmpath