पुणे, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। मुम्बई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को अपनी टीम को इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें संस्करण के पहले मैच में शानदार जीत दिलाने वाले राइजिंग पुणे सुपरजाएंट टीम के कप्तान स्टीवन स्मिथ ने कहा है कि एक बल्लेबाज जब फार्म में होता है तो उसके लिए पिच या फिर मैदान का बदलना मायने नहीं रखता।
पहले खेलते हुए 184 रन बनाने वाली मुम्बई के खिलाफ पुणे को अंतिम ओवर में 13 रनों की जरूरत थी और स्मिथ ने केरन पोलार्ड पर दो छक्के लगाते हुए अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई। स्मिथ 84 रनों पर नाबाद लौटे और मैन ऑफ द मैच चुने गए। पुणे ने तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मैच के बाद स्मिथ ने कहा, “फार्म तो फार्म है। इसका स्थान विशेष से कोई ताल्लुक नहीं। आप जब गेंद पर प्रहार कर रहे होते हैं तो आपको बस यही सोचना होता है कि गेंद को मैदान के बाहर भेजा जाना है। पुणे में बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है। सौभाग्यशाली रहा कि अंतिम समय में गेंद अच्छे से बल्ले पर आई।”
स्मिथ ने अपने स्पिन गेंदबाज इमरान ताहिर की तारीफ की और कहा कि ताहिर ने मुम्बई को खुलकर रन बनाने से रोका। स्मिथ ने कहा, “ताहिर ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने लगातार तीन विकेट लेकर मुम्बई को खुलकर रन बनाने से रोका। उनकी सफलता ने हमारा काम आसान किया। पारी के मध्य में भी विकेट लेना हमारे लिए फायदेमंद साबित हुआ। “
dharmpath.com dharmpath