पावरप्ले में खराब गेंदबाजी हार का कारण : रैना

राजकोट, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइर्ड्स के साथ शुक्रवार को यहां आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें संस्करण के अपने पहले मैच में हार झेलने वाली गुजरात लायंस टीम के कप्तान सुरेश रैना ने कहा है कि शुरुआती छह ओवरों में खराब गेंदबाजी उनकी टीम की हार का कारण रही।

इस मैच में लायंस ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 183 रन बनाए जबकि कप्तान गौतम गम्भीर (नाबाद 76) और क्रिस लिन (नाबाद 93) की बेहतरीन पारियों की मदद से नाइट राइर्ड्स ने जीत के लिए जरूरी रन बिना कोई विकेट गंवाए 14.5 ओवरों में बना लिए।

पावरप्ले में लायंस के गेंदबाजों ने 73 रन लुटाए। यह आईपीएल इतिहास का उसका एक रिकार्ड है। इससे पहले 2012 में नाइट राइर्ड्स ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 68 रन बनाए थे।

मैच के बाद रैना ने कहा, “मेरी समझ से 184 अच्छा योग था। हम हारे क्योंकि हमने शुरुआती छह ओवरों में खराब गेंदबाजी की। हमारे गेंदबाजों को काफी कुछ सीखने की जरूरत है और यह मैच उनके लिए अच्छा सबक साबित होगा।”

रैना ने गम्भीर और लिन की तारीफ की। रैना ने कहा, “गम्भीर और लिन ने शानदार शॉट्स लगाए। हां, हमें जडेजा (रवींद्र) और ड्वायन ब्रावो की कमी खली। अगर आपके गेंदबाज शुरुआत में अच्छा नहीं कर रहे हैं तो आपको जडेजा और ब्रावो जैसे अनुभवी खिलाड़ी चाहिए। हमारी बल्लेबाजी अच्छी है लेकिन गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493