मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। शिवसेना सांसद रविंद्र गायकवाड़ एयर इंडिया व निजी विमान सेवाओं द्वारा उड़ान प्रतिबंध से मुक्त किए जाने के बाद ट्रेन से मुंबई पहुंचे और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की।
ठाकरे ने शिवसेना भवन में उस्मानाबाद के सांसद गायकवाड़ का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह पता नहीं चल सका है कि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई।
गायकवाड़ पर 23 मार्च को विमान सेवाओं ने तब प्रतिबंध लगाया था जब उन्होंने खुद माना था कि उन्होंने एयरइंडिया के एक कर्मचारी की पिटाई की थी।
यह मामला संसद में उठा और इसे लेकर सरकार में शामिल दोनों पार्टियों, शिवसेना व भाजपा के बीच भी तल्खी दिखी। इस दौरान शिवसेना गायकवाड़ के पक्ष में अटल रही। गायकवाड़ द्वारा संसद में खेद जताए जाने के बाद एयरइंडिया ने प्रतिबंध हटाया। हालांकि, गायकवाड़ ने साफ कर दिया कि वह संसद से खेद जता रहे हैं ना कि एयरलाइन से।
dharmpath.com dharmpath