लंदन, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रेक्सिट के असर से चिंतित होने के बावजूद अमेरिकी वाहन निर्माता फोर्ड ब्रिटेन में अभी आगे ‘कुछ समय तक’ बनी रहेगी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क फील्ड्स ने शनिवार को यह बात कही।
फील्ड्स ने बीबीसी को बताया, “हमें ब्रिटेन में होने पर गर्व है और हम आगे भी कुछ समय तक यहां बने रहेंगे। खासतौर से अनुच्छेद 50 के अब लागू होने (यूरोपीय संघ को छोड़ने की प्रक्रिया) के मद्देनजर हमारा मानना है कि ब्रिटेन और महाद्वीप के बीच मुक्त व्यापार की जरूरत है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या फोर्ड ब्रिटेन में उत्पादन जारी रखेगी? उन्होंने कहा, “मैं इसकी गारंटी नहीं दे सकता। कोई भी व्यक्ति भविष्य की गारंटी नहीं दे सकता।”
फोर्ड के ब्रिटेन में करीब 13,000 कर्मचारी हैं और डाजेनहम और ब्रिजगेंड में इसके संयंत्र हैं।
अमेरिकी कंपनी ने हाल के सालों में अपनी यूरोपीय संयंत्रों में उत्पादन घटाया है और 100 सालों से ज्यादा समय के बाद साल 2013 में ब्रिटेन में वाहन निर्माण को रोक दिया।
फील्ड्स ने आगे कहा, “मैं समझता हूं कि हमारा इरादा यह सुनिश्चित करना है कि ब्रिटेन का कारोबार मजबूत बना रहे। इसलिए हम यहां बने रहने के लिए सरकार के साथ बात कर रहे हैं। यूरोप में हमारा कारोबार अच्छा चल रहा है।”
dharmpath.com dharmpath