जयपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान के धौलपुर विधानसभा सीट पर रविवार को उप-चुनाव के लिए हुए मतदान में 77 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
राज्य के निर्वाचन विभाग ने आईएएनएस को बताया, “विधानसभा सीट पर 1.19 लाख योग्य मतदाताओं में से 77.26 फीसदी मतदाताओं ने शाम 6.0 बजे तक मतदान किया।”
विधानसभा चुनाव-2013 में राज्य में पड़े 80 फीसदी मत की अपेक्षा यह मामूली अंतर से कम रहा।
सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं। पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में खासतौर पर उत्साह देखा गया।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे संपन्न हुआ।
मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 67 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा-व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा, “मतदान शांतिपूर्ण रहा।”
कुछ स्थानों पर ईवीएम मशीनों के ठीक से काम न करने की शिकायत मिली, जिन्हें तत्काल ठीक कर दिया गया।
धौलपुर विधानसभा सीट पिछले साल रिक्त हो गई थी, जब बसपा विधायक बनवारी लाल कुशवाहा हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे।
वोटों की गिनती 13 अप्रैल को होगी।
इस उपचुनाव में 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें मुख्य मुकाबला, दोषी बसपा नेता की पत्नी भाजपा की शोभा रानी कुशवाहा और पूर्व मंत्री कांग्रेस के बनवारी लाल शर्मा के बीच है।
इस उपचुनाव के लिए 1.91 लाख से भी ज्यादा योग्य मतदाता हैं।
यह उपचुनाव कांग्रेस और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी दोनों के लिए साख का सवाल है और इस बात से इसका साफ पता चलता है कि खुद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के राज्य प्रभारी अशोक परनामी और उनके कैबिनेट सहकर्मियों ने निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं को लुभाने के लिए यहां कई दिन बिताए थे।
कांग्रेस में भी राज्य प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर दुदी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपने उम्मीदवारों के लिए वोट जुटाने के लिए निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक प्रचार किए थे।
2013 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य में बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था, जब पार्टी को 200 सीटों में से केवल 21 पर ही जीत हासिल हुई थी। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 163 सीटें जीत ली थीं।
फिलहाल सदन में भाजपा की 160 और कांग्रेस की 24 सीटें हैं।
dharmpath.com dharmpath