जकार्ता, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी इंडोनेशिया के पापुआ प्रांत में बुधवार को एक छोटे विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क टूट गया, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ से इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय के प्रवक्ता जे.ए.बराता ने टेलीफोन पर कहा, “मालवाहक विमान का संपर्क आज (बुधवार) अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया। अब हम इस बात का पता लगा रहे हैं कि विमान में कितने लोग सवार हैं।”
राष्ट्रीय तलाशी एवं बचाव कार्यालय के प्रवक्ता मारसुदी ने कहा कि सी-208 कैरावैन विमान वाजो से सेंतानी जा रहा था।
विमान ने अपराह्न 2.45 बजे (स्थानीय समयानुसार) वाजो से उड़ान भरी थी और अपराह्न 3.45 बजे सेंतानी पहुंचने वाला था।
मारसुदी ने कहा, “विमान ने उड़ान के दौरान आपातकालीन संदेश भेजा था।”
उन्होंने कहा, “विमान की तलाश जारी है। इसमें एक विमान तथा स्थानीय तलाशी व बचाव कार्यालय के कर्मियों को लगाया गया है। खराब मौसम के कारण तलाशी अभियान में परेशानी हो रही है।”
dharmpath.com dharmpath