लखनऊ, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप निकलने से गर्मी बढ़ी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान तेज गर्म हवाएं चलने और तापमान में वृद्घि के आसार जताए हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के मुताबिक, दिन में तेज धूप निकलेगी और तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होगी। दिन में 20 से 25 किलोमीटर की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चलेंगी।
गुप्ता ने बताया कि उप्र के वातावरण में ज्यादा उतार-चढ़ाव आने की संभावना नहीं है। आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा और तेज धूप रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, कानपुर का 18.6 डिग्री, इलाहाबाद का 20.1 डिग्री और झांसी का 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath