अररिया, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात घर में घुसकर चोरी करने के आरोप में ग्रामीणों ने एक शख्स को पीट-पीटकर मार डाला, जबकि ग्रामीणों की पिटाई से दूसरा शख्स घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, देर रात डुमरिया गांव निवासी मोहम्मद अजीज के घर चोरी करने की नियत से कुछ लोग घुसे थे, इसी दौरान घर के मालिक की नींद खुल गई। कहा जा रहा है कि चोरों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के दौरान शोरगुल मचने से ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भाग रहे दो चोरों को पकड़ लिया और उनकी लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी।
नरपतगंज के थाना प्रभारी अमित कुमार ने सोमवार को बताया कि पिटाई से घायल दोनों आरोपियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर गांव निवासी सिकंदर (30) के रूप में की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath