जबलपुर 17 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एक दिवसीय प्रवास पर आज (सोमवार) मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंच रहे हैं। यहां वह नमामि देवी नर्मदा सेवा यात्रा में हिस्सा लेंगे।
नर्मदा सेवा यात्रा के प्रभारी और भाजपा के प्रदेश महामंत्री वी. डी. शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह शाम छह बजे दिल्ली से विमान से रवाना होंगे। उनके शाम 6.45 बजे तक जबलपुर के डुमना हवाईअड्डे पर पहुंचने की उम्मीद है, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, शाह नर्मदा नदी के ग्वारीघाट पर नर्मदा सेवा यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। शाह रात को ही विमान से दिल्ली लौट जाएंगे।
ज्ञात हो कि नर्मदा नदी को प्रवाहमान और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 11 दिसंबर को उद्गम स्थल अमरकंटक से नर्मदा सेवा यात्रा शुरू हुई है, जो 11 मई को अमरकंटक में ही समाप्त होगी। यह यात्रा 144 दिनों की है। यात्रा कुल 16 जिलों से होकर गुजर रही है।
dharmpath.com dharmpath