लंदन, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉक और जैज संगीत के फ्यूजन (मिश्रण) को बढ़ावा देने वाले प्रगतिशील गिटारवादक एलन होल्ड्सवर्थ का 70 साल की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने सॉफ्ट मशीन, गोंग और यू.के. जैसे रॉक बैंड में काम किया है।
वेबसाइट वैराइटी डॉट कॉम ने बताया कि उनकी बेटी लुईस द्वारा फेसबुक पर दी गई सूचना के मुताबिक, रविवार को होल्ड्सवर्थ का निधन हुआ है।
ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड में जन्मे होल्ड्सवर्थ कई दशकों से दक्षिणी कैलिफोर्निया में रह रहे थे। गिटारवादक के रूप में उनके प्रयोगों को एडी वैन और रॉबेन फोर्ड जैसे संगीतकारों ने काफी प्रभावी बताया।
होल्ड्सवर्थ ने 1970 के दशक की शुरुआत में रॉक और जैज संगीत के फ्यूजन के साथ प्रयोग करने वाले बैंड के साथ शुरुआत की। इसके बाद वह प्रगतिशील रॉक संगीत की विधा कैंटरबरी (प्रोग्रेसिव सीन) के साथ जुड़ गए।
1980 के दशक के बाद उन्होंने गोडरेन बेक और मार्क वार्नी आदि संगीतकारों के सहयोग से जैज फ्यूजन संगीत से सजे एकल अल्बम रिलीज किए।
होल्ड्सवर्थ 1983 के अल्बम ‘रोड गेम्स’ के लिए सर्वश्रेष्ठ वाद्य यंत्र प्रदर्शक के रूप में ग्रैमी अवार्ड के लिए भी नामित हुए।
जो सैट्रियानी जैसे संगीतकार ने ट्विटर के जरिए होल्ड्सवर्थ के निधन पर शोक जताया है।
dharmpath.com dharmpath