भोपाल, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने तीन आरोपियों को 11 हजार मूल्य के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नकली नोट छापने में प्रयुक्त होने वाले स्कैनर, प्रिंटर व कागज को भी बरामद कर लिया।
अपराध शाखा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रश्मि मिश्रा ने सोमवार को आईएएनएस से कहा कि रविवार रात पुलिस दल ने तीन अलग-अलग स्थानों से तीन युवकों को पकड़ा, जो नकली नोट छापकर चलाने की जुगत में थे। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से कुल 11 हजार के नोट बरामद किए, जो नकली पाए गए, जबकि देखने में बिल्कुल असली जैसे थे।
मिश्रा के मुताबिक, “इन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने स्कैनर, प्रिंटर और कागज के साथ अन्य सामग्री भी बरामद की है। इन आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि इनके अन्य सहयोगियों के बारे में पता किया जा सके।”
मिश्रा ने आगे कहा कि बीते दिनों ही भोपाल की अपराध शाखा ने नकली नोट छापने के चार आरोपियों को पकड़ा था, जिनके पास से दो लाख छह हजार रुपये मूल्य से ज्यादा के नकली नोट बरामद किए गए थे।
dharmpath.com dharmpath