न्यूयॉर्क, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेड कुश्नर रियल एस्टेट से जुड़ी एक प्रौद्योगिकी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने जा रहे हैं।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, वॉल स्ट्रीट जर्नल में प्रकाशित एक रपट में कुश्नर खुद को अपने निजी व्यवसायों से दूर करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि राष्ट्रपति के करीबी सलाहकार के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी के मद्देनजर उन्हें किसी प्रकार के विवाद का सामना न करना पड़े। कुश्नर ने इसी मंशा से वायर्डस्कोर में अपना हिस्सा बेचने का फैसला किया है।
सूत्रों ने समाचार पत्र को बताया कि इस पर बातचीत जारी है, हालांकि अभी इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि कुश्नर इसे किस कीमत पर बेचेंगे।
इससे पहले, ट्रंप की बड़ी बेटी इवांका के पति ने वायर्डस्कोर में अपने शेयर्स की कीमत करीब 50-250 लाख डॉलर के बीच आंकी थी।
जर्नल की रपट के मुताबिक, इस बातचीत और अपने अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों को लेकर बातचीत के बावजूद ट्रंप प्रशासन के आलोचकों का मानना है कि कुश्नर और ट्रंप ने खुद को अपने व्यक्तिगत व्यापारिक मामलों से अलग करने के लिए ज्यादा कुछ नहीं किया।
न्यूयॉर्क के एक सम्पन्न परिवार से ताल्लुक रखने वाले कुश्नर कई मामलों में ट्रंप के सबसे करीबी सलाहकार हैं।
कुश्नर लॉस एंजेलिस की कंपनी ‘फिफ्थ वॉल वेंचर्स’ समेत कई निवेशकों से इस इरादे से बातचीत कर रहे हैं। हालांकि अभी इस पर बातचीत को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath