टोक्यो, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के उप राष्ट्रपति माइक पेंस मंगलवार को तीन दिवसीय दौरे पर जापान पहुंचे।
वह जापान के नेताओं से उत्तर कोरिया संकट और द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों पर चर्चा करेंगे।
एनएचके न्यूज के मुताबिक, पेंस का विमान दोपहर बाद अतसुगी सैन्यअड्डे पर उतरा।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे से मुलाकात के अलावा उन्हें मंगलवार को एक नई जापान-अमेरिका आर्थिक वार्ता के पहले सत्र में भी शिरकत करनी है।
एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पेंस अपने 10 दिवसीय एशिया प्रशांत क्षेत्र के दौरे के तहत दक्षिण कोरिया की यात्रा के बाद जापान पहुंचे हैं।
पेंस उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री तारो असो से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
दोनों बैठकों में मुख्य मुद्दा उत्तर कोरिया द्वारा बार-बार किए जा रहे परमाणु हथियारों के परीक्षण से उपजा तनाव होगा।
dharmpath.com dharmpath