ट्रंप ने तुर्की में जनमत संग्रह में जीत पर एर्दोगन को बधाई दी

वाशिंगटन, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन को उस जनमत संग्रह में मामूली अंतर से मिली जीत पर बधाई दी है, जिससे उन्हें नई शक्तियां मिल जाएंगी। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी है।

रविवार को संवैधानिक बदलावों के लिए हुए जनमत संग्रह के विरोध में 48.65 प्रतिशत वोट पड़े। 51.35 प्रतिशत लोगों ने इसके समर्थन में वोट किया।

संवैधानिक सुधारों के बाद एर्दोगन को और शक्तियां मिल जाएंगी, तुर्की में संसदीय प्रणाली की सरकार के स्थान पर राष्ट्रपति प्रणाली की सरकार होगी। संविधान में बदलाव के बाद एर्दोगान के 2029 तक दो और कार्यकालों तक राष्ट्रपति बने रहने की संभावना है।

गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, ट्रंप ने सोमवार को एर्दोगन से बातचीत की थी और इस दौरान सीरिया के घटनाक्रमों और रसायनिक हमले के जवाब में अमेरिका की कार्रवाई को लेकर चर्चा की थी। दोनों नेताओं ने सीरियाई राष्ट्रपति बशर-अल-असद को इस मामले में जवाबदेह बनाने के महत्व पर सहमति जताई।

व्हाइट हाउस की दैनिक ब्रीफिंग के दौरान जनमत संग्रह के बाद एर्दोगन को मिलने वाली शक्तियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने को कहे जाने पर प्रेस सचिव सीन स्पाइसर ने विदेश विभाग के रुख को दोहराते हुए कहा कि जब तक एक अंतिम रिपोर्ट प्रकाशित नहीं होती, वह इस पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं करेंगे।

व्हाइट हाउस के मुताबिक सोमवार को दोनों नेताओं ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ अभियान को लेकर भी चर्चा की और आतंकवाद को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने वाले सभी संगठनों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की जरूरत पर सहमति जताई। ट्रंप ने तुर्की को नाटो का एक मजबूत सदस्य बताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493