लास वेगस, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय खिलाड़ियों ने 12 से 16 अप्रैल के बीच हुई अमेरिकी ओपन कराटे चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 पदक जीते।
इस वार्षिक कराटे चैम्पियनशिप में 42 देशों के कुल 2,374 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
मशहूर मार्शल आर्ट खिलाड़ी सेनसेई यशपाल सिंह कल्सी के नेतृत्व वाली टीम ने अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान किया। यशपाल ने इस चैम्पियनशिप में पिछले साल एक स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। इस बार उनके हिस्से कांस्य आया।
इस चैम्पियनशिप में कराटे की दो श्रेणियों, काटा और कुमाइट, में प्रतिस्पर्धाएं हुईं।
शेफाली अग्रवाल ने काटा में स्वर्ण और कुमाइट में रजत पदक जीता। अभिषेक सेनगुप्ता ने भी काटा में स्वर्ण और कुमाइट में रजत पर कब्जा जमाया। यशपाल ने काटा में कांस्य जीता। रंतेज सिंह ने काटा और कुमाइट दोनों में कांस्य अपनी झोली में डाला। हरचरण सिंह चौहान ने भी दोनों श्रेणियों में कांस्य जीता।
टीम काटा स्पर्धा में शेफाली, हरचरण और अभिषेक की टीम ने भारत को स्वर्ण दिलाया। इस स्पर्धा में 18 से 35 साल के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
35-44 आयुवर्ग की टीम काटा स्पर्धा में यशपाल, रंतेज और देविंदर विर्डी ने भारत को कांस्य पदक दिलाया।
dharmpath.com dharmpath