कोलकाता, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण कोलकाता के बेहाला में कक्षा छह में पढ़ने वाली एक छात्रा ने सहपाठियों से झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली।
परनासरी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “जोधपुर पार्क गर्ल्स हाईस्कूल में पढ़ने वाली छठी कक्षा की छात्रा सृष्टि डे (11) ने बेहाला के परनासरी क्षेत्र में ए.के. पॉल रोड पर अपने घर में सोमवार को लगभग 10 बजे छत पर लगे पंखे से लटकर जान दे दी।”
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय लड़की घर में अकेली थी। कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह अपनी कक्षा में पढ़ने वाली बच्चियों से किसी बात पर हुए विवाद से परेशान थी।
बच्ची की मां ने कहा, “घर आने के बाद वो काफी परेशान थी और उसने बताया कि स्कूल में दोस्तों से उसका झगड़ा हुआ है।”
आंखों में आंसू लिए बच्ची की मां ने कहा, “उसने कहा था कि उसे मुझसे कुछ बात करनी है। मैं नीचे काम कर रही थी। नहीं पता था कि वो ऐसा कुछ करेगी।”
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
अधिकारी ने कहा, “जांच चल रही है कि लड़की ने आत्महत्या क्यों की। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath