रायपुर, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह लोक सुराज अभियान के तहत मंगलवार दोपहर कोरिया जिले के ग्राम उचहेरा (विकासखंड जनकपुर) पहुंचे। यह ग्राम पंचायत शेरी का आश्रित ग्राम है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
ग्रामीणों का कहना था कि रमन सिंह उनके गांव में पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। सिंह ने वहां साल वृक्षों के जंगल में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। उन्होंने गांव वालों के साथ स्टाप डेम का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के आग्रह पर विकास कार्यो के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि तत्काल मंजूर कर दी और कहा कि सरपंच और गांव के लोग मिलकर तय करेंगे कि इस राशि से कौन-सा निर्माण कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने मंगल भवन निर्माण के लिए पांच लाख रुपये मंजूर करने की भी घोषणा की।
ग्राम वासियों के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने निकटवर्ती ग्राम कोटाडोल में बैंक शाखा खुलवाने का आश्वासन दिया और मुख्य सचिव विवेक ढांड को इसके लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
dharmpath.com dharmpath