मुंबई, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेत्री कृति सैनन ने कहा कि उन्हें अपनी आगामी फिल्म ‘राब्ता’ की शूटिंग के दौरान स्टंट करना मजेदार लगा और इससे उन्होंने खुद अधिक ताकतवर महसूस किया।
फिल्म के ट्रेलर के लांच के मौके पर मीडिया से अभिनेत्री ने कहा, “मैंने वास्तव में इन एक्शन दृश्यों का खूब आनंद लिया। अगर मौका मिला तो मैं अगली बार फिर से इसे करना चाहूंगी। इनको करने के दौरान मैंने खुद को ताकतवर महसूस किया। लेकिन, इनको करना कठिन था।”
कृति ‘राब्ता’ में सायरा और सायबा नाम का दो किरदार निभा रही हैं। यह फिल्म पुनर्जन्म पर आधारित है।
‘हीरोपंती’ की अभिनेत्री ने कहा, “यह बहुत ही दिलचस्प है कि मैं सायरा के किरदार से खुद को जोड़ सकी जो कि आज के समय की लड़की है। मैंने सायबा के किरदार का भी खूब आनंद उठाया। सायबा अतीत के समय का किरदार है।”
इस फिल्म का निर्देशन दिनेश विजन ने किया है और इसे होमी अदजानिया और भूषण कुमार ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 9 जून को रिलीज हो रही है।
dharmpath.com dharmpath