बैंकॉक, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज का दाह संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा। अदुल्यादेज का 70 सालों तक गद्दी संभालने के बाद पिछले साल 88 साल की उम्र में निधन हो गया था।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, इस तारीख का प्रस्ताव सरकारी समिति द्वारा किया गया और इसे राजा वजीरलोंगकोर्न ने मंजूरी दी। वजीरलोंगकोर्न भूमिबोल के पुत्र और उत्तराधिकारी हैं।
उप प्रधानमंत्री विसनु क्री-नगम के एक बयान के अनुसार, यह समारोह पांच दिनों में समाप्त हो जाएगा।
दाह संस्कार के बाद थाईलैंड वजीरलोंगकार्न के राज्याभिषेक की तैयारी शुरू करेगा, जिन्हें दिसंबर में गद्दी पर बैठाया गया था, लेकिन औपचारिक रूप से ताज नहीं पहनाया गया था।
राजा भूमिबोल का बीते साल 13 अक्टूबर को एक लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।
भूमिबोल अदुल्यादेज देश में एकता के प्रतीक के तौर पर थे। वह थाई लोगों में काफी लोकप्रिय थे।
dharmpath.com dharmpath