काबुल, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। अफगानी सुरक्षाबलों द्वारा देश के उत्तरी प्रांत में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान में बगलान के तालिबान ‘गवर्नर’ सहित कम से कम 22 आतंकवादी मारे गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, रक्षा मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान के मुताबिक, “विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर सेना ने मंगलवार रात बगलान प्रांत के दांद-ए-गुरी जिले में एक अभियान चलाया। इस दौरान, तीन अन्य को गिरफ्तार भी किया गया।”
खामा प्रेस की रपट के मुताबिक, इस अभियान में एक दर्जन हेलीकॉप्टरों तथा अमेरिकी विमानों ने हिस्सा लिया।
बयान के मुताबिक, मारे गए लोगों में मौलवी हेलेल उर्फ लाल मोहम्मद भी शामिल है।
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक एके-47 तथा पिस्तौल के दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
बगलान तथा इसके पड़ोसी कुंदुज तथा तखार प्रांतों में सुरक्षाबलों तथा आतंकवादियों के बीच पिछले कुछ महीनों से घमासान लड़ाई जारी है, क्योंकि इन क्षेत्रों में तालिबान सरकारी सुरक्षा बलों को चुनौती देने का प्रयास कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अभियान को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब तालिबान बगलान में बड़े हमले को अंजाम देने की तैयारी में जुटा था।
dharmpath.com dharmpath