वोट कांग्रेस पर न करें बर्बाद : केजरीवाल

नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली के लोगों से अपना वोट कांग्रेस पर बर्बाद न करने की अपील की और कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख अजय माकन नगर निगम चुनाव के बाद भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

दिल्ली के तीनों नगर निगमों के लिए 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (आप) का घोषणापत्र जारी करते हुए केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय राजधानी से सफाया हो चुका है।

आप नेता ने कहा, “कांग्रेस के बड़े-बड़े भाजपा में शामिल हो रहे हैं। मुझे पता चला है कि अजय माकन ने अमित शाह से बात की है और निगम चुनाव के बाद वह भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।”

केजरीवाल का यह बयान दिल्ली के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के अगले दिन आया है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा को भी वोट न देने की अपील करते हुए कहा, “भाजपा दिल्ली नगर निगम पर पिछले 10 सालों से काबिज है। ये लोग दिल्ली को साफ-सुथरा रखने में नाकाम रहे हैं। तीनों निगमों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। इन्होंने पेंशन घोटाला किया है, कर्मचारियों के वेतन का पैसा भी डकार जाते हैं, मजबूरन कर्मचारी बार-बार हड़ताल पर चले जाते हैं। अगर ये फिर निगमों पर काबिज हो गए तो क्या नया कर दिखाएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493