चेन्नई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा के उपाध्यक्ष और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के नेता एम. थांबिदुरई ने गुरुवार को तमिलनाडु के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव से मुलाकात की।
थांबिदुरई ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद यहां पत्रकारों से कहा कि यह मुलाकात शिष्टाचार के नाते हुई, क्योंकि वह और राव लंबे समय से एकदूसरे को जानते हैं।
उन्होंने कहा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्यपाल से राज्य की राजनीति पर चर्चा नहीं की।
तमिलनाडु के वित्त एवं मत्स्य पालन मंत्री डी. जयकुमार ने भी राज्यपाल राव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जयकुमार ने कहा, “यह मुलाकात राज्य के एक विश्वविद्यालय में कुलपति के चयन को लेकर की गई थी।”
गौरतलब है कि सत्तारूढ़ एआईएडीएमके के दोनों नेताओं ने राज्यपाल से ऐसे समय में मुलाकात की है, जब पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के निधन के बाद दो गुटों में बंटे एआईएडीएमके को फिर से एक करने की कोशिशें चल रही हैं।
dharmpath.com dharmpath