नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शिमला जिले में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गुरुवार को शोक जताया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक और संवेदना जताने को लेकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को भेजे एक संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे पता चला कि कई लोगों की जान गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। बचाव के साथ ही राहत तथा तलाशी अभियान जारी है।”
राष्ट्रपति ने राज्य सरकार से अपील की कि वह पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करे और घायलों को हर तरह की चिकित्सा सहायता प्रदान करे।
उन्होंने कहा, “कृपया मेरी हार्दिक संवेदनाओं से मृतकों के परिवारों को अवगत कराएं। मैं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बुधवार को यात्रियों से भरी एक बस के नदी में गिर जाने से 45 लोगों की मौत हो गई। घटना में जिंदा बचे एकमात्र व्यक्ति ने कहा कि दुर्घटना बस में खराबी के कारण घटी।
दुर्घटना राज्य की राजधानी से 190 किलोमीटर की दूरी पर नेरवा तहसील के गुम्मा में घटी। यह राज्य के सुदूरवर्ती इलाकों में से एक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
dharmpath.com dharmpath