उत्तराखंड में नमामि गंगे परियोजना में लाई जाएगी तेजी

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई की उत्तराखंड में नमामि गंगे परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने की जरूरत है।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में नमामि गंगे परियोजनाओं के अब तक के कार्यान्वयन की समीक्षा की।

कौशिक ने भारती को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार इन परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि वे सुनिश्चित करेंगे की उत्तराखंड नमामि गंगे परियोजना का मॉडल राज्य बने। उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह उनकी सरकार हरिद्वार को नमामि गंगे कार्यक्रम का मॉडल नगर बनाना चाहती है।

भारती ने कहा कि नमामि गंगे के सफल कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार का सहयोग बहुत जरूरी है। मदन कौशिक ने हरिद्वार में चंडी घाट पर नदी तट विकास कार्यो में और विस्तार लाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर भारती ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को निर्देश दिया कि वह इस मामले की समीक्षा करे। मंत्री ने राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक उपेन्द्र प्रसाद सिंह को जो इस बैठक में मौजूद थे, निर्देश दिया कि वे शीघ्र ही मदन कौशिक के साथ मिलकर उत्तराखंड में गंगोत्री से लेकर हरिद्वार तक गंगा के किनारों का सर्वेक्षण करके अपनी रिपोर्ट दें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493