बंगाल हिंसा में मृतकों की संख्या 9 हुई, 6 गिरफ्तार

बीरभूम, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक दिन पहले हुए बम विस्फोट में शुक्रवार देर रात दो और व्यक्तियों की मौत हो गई, जिससे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

बीरभूम के पुलिस अधीक्षक एन. सुधीर कुमार ने आईएएनएस से कहा, “बीरभूम के लाबपुर में बदमाशों के दो गुटों के बीच संघर्ष हुआ। दोनों गुटों ने एक-दूसरे की तरफ बम फेंके। विस्फोट में दोनों गुटों के नौ लोगों की मौत हो चुकी है। कुछ और घायलों की हालत गंभीर है।”

सुधीर कुमार ने कहा, “शुक्रवार शाम तक सात लोगों की मौत हुई थी, जबकि उपचार के दौरान अस्पताल में दो और लोगों की मौत हो गई।”

अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस ने दोनों गुटों के कई लोगों के खिलाफ स्व-संज्ञान से मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को हुई हिंसा दोनों गुटों के बीच इलाके में प्रभुत्व जमाने को लेकर चल रहे संघर्ष का हिस्सा है।

कुमार ने बताया, “हमने शुक्रवार से दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एक मामला दोनों गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर, जबकि दूसरा मामला क्रूड बम बनाने को लेकर दर्ज किया गया है। पहले मामले में हमने अब तक छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है।”

पुलिस ने दावा किया है कि क्रूड बम बनाने में शामिल कुछ लोग दुर्घटनावश क्रूड बम के फटने से मरे।

कुमार ने बताया, “विस्फोट में मारे गए लोग क्रूड बम बनाने में शामिल थे। कुछ मृतकों के घर से बम बनाने की सामग्री जैसे पत्थर के चिप्स और विस्फोटक बरामद हुए हैं।”

इलाके में शुक्रवार की सुबह से ही तनाव जैसी स्थिति बनी हुई है और दोनों गुटों के बीच इलाके में रेत खनन पर नियंत्रण को लेकर यह संघर्ष हुआ। दोनों गुटों द्वारा गांव में स्थित स्कूल सहित कई जगहों पर बम फेंके गए, जिससे ग्रामीणों और विद्यार्थियों के बीच भय फैल गया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “शनिवार को इलाके में हिंसा की कोई घटना नहीं हुई। स्थिति पर नजर रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493