भारत ने फ्रांस के साथ शुरू किया संयुक्त नौसेना अभ्यास ‘वरुणा’

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत और फ्रांस की नौसेनाओं ने सोमवार को फ्रांस के तोउलून बंदरगाह पर द्विपक्षीय नौसैन्य अभ्यास ‘वरुणा’ शुरू कर दिया है। नौसेना की ओर से जारी वक्तव्य में यह जानकारी दी गई।

यह संयुक्त द्विपक्षीय नौसैन्य अभ्यास सप्ताह भर चलेगा।

इस नौसैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने पहुंची भारतीय नौसेना दल में भारतीय नौसेना के जहाजों त्रिशूल, मुंबई और आदित्य शामिल किए गए हैं। यह तीनों पोत भूमध्य सागर और अफ्रीका के पश्चिमी तट पर तैनात होने वाले भारतीय नौसेना के विदेश रक्षा दल और अदन की खाड़ी में समुद्री दस्यु रोधी अभियान का हिस्सा हैं।

भारतीय नौसेना ने कहा है कि नौसेना का एक और जहाज तरकश लंदन के लिए रवाना हो चुका है।

संयुक्त नौसैन्य अभ्यास के शुरुआती तीन दिन बंदरगाह पर ही अभ्यास होंगे, जिसमें त्रिशूल, मुंबई और आदित्य हिस्सा लेंगे।

इसके बाद गहरे समुद्र में संयुक्त नौसैन्य अभ्यास शुरू होगा और अभ्यास के अगले चरण में तरकश फ्रांसीसी नौसेना से संपर्क करेगा।

वरुणा कार्यक्रम के तहत संयुक्त नौसैन्य अभ्यास 2000 में शुरू हुआ था और अब यह दो देशों की नौसेनाओं के बीच संपर्क का सांस्थानिक कार्यक्रम बन चुका है। पिछला संयुक्त नौसैन्य अभ्यास भारतीय समुद्र तट पर हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493