भोपाल, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट के बावजूद मंगलवार को लू का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ धूल भरी हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में रीवा, दमोह, खजुराहो व नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं टीकमगढ़, शिवपुरी व ग्वालियर जिलों में तो रातें भी गर्म रहीं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर, पन्ना में धूल भरी आंधी चल सकती है तो राजधानी भोपाल में आंशिक तौर पर बादल छा सकते हैं।
राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री, इंदौर का 21.5 डिग्री, ग्वालियर का 26.2 डिग्री और जबलपुर का 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री, इंदौर का 36 डिग्री, ग्वालियर का 40.6 डिग्री और जबलपुर का 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath