रायपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा में केंद्रीय रिजर्व पुलिसबल (सीआरपीएफ) पर हुए नक्सली हमले को नृशंस अपराध करार देते हुए कहा कि सरकार इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाएगी।
राजनाथ सिंह ने मंगलवार सुबह सुकमा पहुंचकर घटनास्थल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि विभिन्न राज्यों के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक आठ मई को होगी, जिसमें नक्सलियों के खिलाफ रणनीति को पुख्ता किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “यह हमला बौखलाहट में आकर किया गया। वे जनजातीय क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यो के खिलाफ हैं, लेकिन हम उन्हें सफल नहीं होने देंगे। जरूरत पड़ी तो हम रणनीति में बदलाव करेंगे।”
लगभग 400 हथियारबंद नक्सलियों ने सोमवार को सीआरपीएफ के जवानों पर हमला कर दिया, जिसमें 25 जवान शहीद हो गए। यह 2013 के बाद राज्य में सबसे बड़ा नक्सली हमला है।
dharmpath.com dharmpath