सऊदी में हफ्तों से स्वदेश वापसी का इंतजार कर रहे 2 भारतीयों के शव

जेद्दा, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। सऊदी अरब के एक शवगृह में दो भारतीय नागरिकों के शव हफ्तों से पड़े स्वदेश वापसी का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि जिस कंपनी में वे काम करते थे, वह शवों को भारत भेजने पर होने वाला खर्च वहन करने के लिए तैयार नहीं है।

दोनों भारतीय नागरिकों की सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक कंपनी में काम करते थे और हफ्तों पहले बेरोजगारी से जूझते हुए उनकी मौत हो गई थी।

पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले 56 वर्षीय जसविंदर सिंह का 21 फरवरी को देहांत हो गया था, जबकि तेलंगाना के जगतिआल जिले के रहने वाले 48 वर्षीय पोण्णम सत्यनारायण का 11 मार्च को देहांत हो गया था।

स्थानीय समाचार-पत्र ‘सऊदी गजट’ में मंगलवार को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, दोनों भारतीय नागरिकों का शव तब से रियाद में पड़ा हुआ है। दोनों एक निर्माण कंपनी में काम करते थे, जो अब बंद हो चुकी है।

जरूरी दस्तावेजों को तैयार कर अपने कर्मचारियों का शव उनके देश भेजने और उस पर होने वाले खर्च का वहन उनके नियोक्ता की जिम्मेदारी होती है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि मृतक पिछले 20 वर्षो से सऊदी अरब में रह रहे थे, लेकिन कुछ समय से बेरोजगार थे, क्योंकि नियोक्ता ने उन्हें कई अन्य कर्मचारियों के साथ नौकरी से हटा दिया था।

जिस कंपनी में दोनों काम करते थे वह शवों को सुरक्षित रखने और स्वदेश भेजने पर आने वाला खर्च वहन करने के लिए तैयार नहीं है।

इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के तहत ताबूत में रायासनिक लेपन किया जाना अनिवार्य है।

समाचार पत्र ने मृतकों के सहकर्मियों के हवाले से लिखा है, “डेढ़ साल से ज्यादा समय से हमारे पास पैसे नहीं हैं। हम बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और हमारे सहकर्मियों की दुखद मृत्यु से हम सब बेहद दुखी है।”

उन्होंने कहा, “हमने एकदूसरे के साथ कई साल बिताए हैं, अच्छा-बुरा वक्त साथ बिताया है..हम भाई की तरह थे। उनके शवों के प्रत्यावर्तन के लिए कुछ धनराशि का योगदान कोई मायने नहीं रखता, लेकिन हमारे पास बिल्कुल पैसे नहीं हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493