बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को काशी की सड़कों पर अपनी ‘ताकत’ का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी से नामांकन दाखिल कर दिया। मोदी काशी विद्यापीठ से अपने समर्थकों के सैलाब के बीच करीब पौने दो घंटे के ‘मेगा’ रोड शो के बाद कचहरी पहुंचे। पंडित मदन मोहन मालवीय के पोते गिरधर मालवीय और शास्त्रीय गायक छन्नूलाल मिस्त्र मोदी के प्रस्तावक बने।
इस मेगा रोड शो पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस की तरफ से मोदी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है। उसने आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है। कांग्रेस का आरोप है कि इस रोड शो को उन 117 लोकसभा सीटों के इलाकों में दिखाया गया, जहां वोटिंग चल रही है। बड़ी-बड़ी स्क्रीनें लगाकर कई जगहों पर इस रोड शो का लाइव प्रसारण किया गया। यह प्रचार है जबकि उन सीटों पर प्रचार पहले ही बंद हो चुका है, इसलिए कांग्रेस इसे आचार संहिता का उल्लंघन बता रही है।
dharmpath.com dharmpath