के. विश्वनाथ की 12 फिल्में डिस्क के रूप में रिलीज होंगी

हैदराबाद, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। अभिनेता पवन कल्याण और फिल्मकार त्रिविक्रम ने बुधवार को बताया कि वे दिग्गज फिल्मकार के. विश्वनाथ को दादा साहेब फाल्के अवार्ड मिलने की खुशी में उनकी 12 चुनिंदा फिल्मों को डिस्क के रूप में रिलीज करेंगे।

पवन कल्याण और त्रिविक्रम ने देश के सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान के लिए चुने जाने पर विश्वनाथ से मिलकर उन्हें बधाई दी।

पवन कल्याण ने संवाददाताओं को बताया, “विश्वनाथ सर के लिए मैं वास्तव में खुश हूं। यह हर दक्षिण भारतीय के लिए खुशी की बात है, हालांकि उनके बारे में टिप्पणी करने का मेरा कद नहीं है.. मुझे उनके लिए खुशी जाहिर करने का दूसरा कोई मौका नहीं मिल सकता।”

उन्होंने बताया कि विश्वनाथ की फिल्मों के जरिए ही वह शास्त्रीय संगीत को समझ पाए और इसके प्रशंसक बने।

अभिनेता ने कहा कि बचपन में वह पश्चिमी संगीत ज्यादा सुनते थे, लेकिन फिल्म ‘शंकरभर्नम’ देखने के बाद उनका नजरिया ही बदल गया। फिल्म का संगीत उन्हें बेहद भाया।

त्रिविक्रम ने कहा कि विश्वनाथ को यह पुरस्कार मिलने के बाद उनके मन में पुरस्कारों के प्रति सम्मान बढ़ गया है।

त्रिविक्रम के मुताबिक, “कल्याण ने सुझाव दिया कि हम सीमित संस्करण वाले डिस्क के रूप में उनकी (विश्वनाथ) 12 फिल्में रिलीज करेंगे। हम इस संबंध में उन फिल्मों के निर्माताओं से बात करेंगे और ऐसा करने के लिए आवश्यक अनुमति लेंगे।”

कई राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके विश्वनाथ ने 50 से ज्यादा फिल्मों का निर्देशन किया है।

विश्वनाथ की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म ‘स्वाति मुटयम’ (द व्हाइट पर्ल) सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म की श्रेणी में 1987 में एकेडमी अवार्ड्स में भारत की ओर से आधिकारिक प्रवेश पाने वाली फिल्म बनी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493