टोक्यो, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। जापान के पुनर्निर्माण क्षेत्र के मंत्री मासाहिरो इमामुरा ने 2011 के भूकंप और सुनामी पर आक्रामक टिप्पणी करने के एक दिन बाद बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार एजेंसी ‘एफे’ की रपट के अनुसार, 70 वर्षीय इमामुरा ने सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (पीएलडी) की मंगलवार को एक बैठक में कहा था कि यह सौभाग्य की बात है कि 11 मार्च, 2011 को आपदा ने टोक्यो के बजाए देश के पूर्वोत्तर हिस्से को अपनी चपेट में लिया।
अपने भाषण के दौरान मंत्री ने कहा था कि अनुमान के अनुसार आपदा के कारण सामाजिक आधारभूत संरचना में 226 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्होंने कहा कि अगर इस आपदा से राजधानी क्षेत्र प्रभावित हुआ होता तो इससे बहुत अधिक नुकसान होता।
इमामुरा ने भाषण के कुछ ही समय बाद अपने शब्दों को वापस ले लिया, लेकिन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने इन्हें माफी मांगने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह टिप्पणी आपदा से प्रभावित होने वालों के लिए ‘अत्यंत अनुचित’ और ‘दर्दनाक’ हैं।
समाचार एजेंसी ‘क्योडो’ के अनुसार, अब नए पुनर्निर्माण मंत्री फुकुशिमा निवासी पूर्व पर्यावरण मंत्री मसायोशी योशीनावो होंगे।
dharmpath.com dharmpath